-कांटी में निजी स्कूल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गेट पर चिपकाया 50 लाख रंगदारी का पर्चा
मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए NH-28 स्थित चन्द्रशील विद्यापीठ स्कूल को निशाना बनाया। बदमाशों ने देर रात स्कूल की दीवारों और मुख्य गेट पर करीब डेढ़ दर्जन राउंड फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से आसपास का इलाका गूंज उठा। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। सबसे सनसनीखेज बात यह सामने आई कि अपराधियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला पर्चा चिपका दिया। इससे आशंका जताई जा रही है कि गोलीबारी के जरिए विद्यालय प्रबंधन पर दबाव बनाने और रंगदारी की रकम के लिए खौफ पैदा करने की कोशिश की गई है।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने स्कूल की दीवार और मुख्य गेट को निशाना बनाकर लगातार गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुटने लगी।

सूचना मिलने पर कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मुजफ्फरपुर पश्चिमी SDPO सुचित्रा कुमारी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्कूल की दीवार और मुख्य गेट का निरीक्षण कर फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग करने वाले बदमाश कौन थे और वारदात में कितने लोग शामिल थे। अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे सिर्फ रंगदारी की मांग थी या इसके पीछे कोई अन्य साजिश भी है।
स्कूल के मुख्य द्वार पर 50 लाख रुपये की रंगदारी का पर्चा मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल निजी विद्यालय पर हुई इस गोलीबारी की घटना से कांटी और NH-28 इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।












