-22 सितंबर को सजेगी भोजपुरी सिनेमा की सबसे बड़ी शाम, मनोज तिवारी होंगे मुख्य अतिथि
-11वें सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स 2026 में भोजपुरी और बॉलीवुड सितारों का लगेगा जमावड़ा
मुंबई। भोजपुरी सिनेमा के प्रतिष्ठित सम्मान समारोह ‘11वें सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन 22 सितंबर 2026 को मुंबई में भव्य स्तर पर किया जाएगा। समारोह में सांसद, अभिनेता एवं लोकप्रिय गायक मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों, निर्माता-निर्देशकों, संगीतकारों, तकनीशियनों और मीडिया जगत से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
सबरंग फिल्म प्रोडक्शंस की ओर से आयोजित यह समारोह अथर्व कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, मलाड पश्चिम में शाम 4 बजे से शुरू होगा। आयोजन का उद्देश्य भोजपुरी सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और फिल्म निर्माण से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित करना है।

आयोजक कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार, इस वर्ष सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स को पहले की तुलना में और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। समारोह में रेड कार्पेट, पुरस्कार वितरण, सितारों की रंगारंग प्रस्तुतियां, आकर्षक मंच सज्जा और शानदार प्रकाश व्यवस्था प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि सबरंग फिल्म अवॉर्ड्स सिर्फ एक पुरस्कार समारोह नहीं, बल्कि भोजपुरी सिनेमा की प्रतिभा, मेहनत, रचनात्मकता और बढ़ती लोकप्रियता का उत्सव है। मंच के माध्यम से कलाकारों के साथ-साथ पर्दे के पीछे रहकर फिल्म निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निर्माता, निर्देशक, संगीतकार और तकनीशियनों के योगदान को भी सम्मान दिया जाता है।
11वें संस्करण में अभिनय, निर्देशन, फिल्म निर्माण, संगीत और तकनीकी उत्कृष्टता सहित विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, समारोह में आधुनिक तकनीक और मनोरंजक प्रस्तुतियों का विशेष संयोजन देखने को मिलेगा। भोजपुरी सिनेमा के साथ बॉलीवुड की हस्तियों की मौजूदगी समारोह को और खास बनाएगी।
22 सितंबर को मुंबई में आयोजित होने वाली यह फिल्मी शाम भोजपुरी सिनेमा के कलाकारों और तकनीकी प्रतिभाओं के लिए खास अवसर होगी। समारोह को लेकर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी उत्साह का माहौल है।
स्थान: अथर्व कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, मलाड मार्वे रोड, श्री सेवांतिलाल खंडवाला मार्ग, चारकोप नाका, मलाड पश्चिम, मुंबई–400095
दिनांक: 22 सितंबर 2026
समय: शाम 4 बजे से















