-तिरहुत स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की मतगणना, सुबह 8 बजे से होगी शुरुआत
दीपक कुमार तिवारी/मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की मतगणना मंगलवार, 27 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी के प्रशासनिक भवन में होगी। मतगणना की तैयारियों और प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए सोमवार को प्रमंडलीय सभागार में निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को मतगणना से संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
आयुक्त ने बताया कि सुबह सात बजे नियमानुसार वज्रगृह खोला जाएगा और आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतगणना हॉल बनाए गए हैं। प्रत्येक हॉल में 14 गणना टेबल और एक सहायक निर्वाची पदाधिकारी की टेबल निर्धारित की गई है। मतगणना के लिए प्रशिक्षित पर्यवेक्षकों और सहायकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

मतगणना आनुपातिक प्रतिनिधित्व पद्धति के तहत एकल संक्रमणीय मत प्रणाली से होगी। निर्धारित मिश्रित पद्धति के अनुसार पहले मतदान केंद्रवार मतपत्रों की संख्यात्मक गिनती की जाएगी। इसके बाद मतपत्रों को मिलाकर अभ्यर्थीवार गणना होगी। मतों के अंतरण, कोटा निर्धारण और डाटा एंट्री की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के 203 मतदान केंद्रों से प्राप्त मतपेटिकाओं को एमआईटी स्थित वज्रगृह में सुरक्षित रखा गया है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है। मतगणना केंद्र में केवल अधिकृत व्यक्तियों को फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश मिलेगा।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतगणना निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।











