-एमडीडीएम कॉलेज में रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण शुरू, 50 छात्राएं होंगी लाभान्वित
-महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के तहत एक सप्ताह तक चलेगा प्रशिक्षण
-छात्राओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए किया जाएगा तैयार
मुजफ्फरपुर। महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (एमडीडीएम कॉलेज), मुजफ्फरपुर में सोमवार को नांदी फाउंडेशन के महिंद्रा प्राइड क्लासरूम कार्यक्रम के तहत एक सप्ताह के रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 50 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इसमें गणित, वाणिज्य, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, राजनीति विज्ञान और अंग्रेजी सहित विभिन्न विभागों की छात्राएं शामिल हैं।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक कौशल और व्यावसायिक दक्षता भी जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक होगा।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. माला ने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के शैक्षणिक ज्ञान और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करना है। इसके माध्यम से छात्राओं को जीवनोपयोगी कौशल, व्यावसायिक दक्षता और रोजगार से संबंधित आवश्यक योग्यताओं की जानकारी दी जाएगी। इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
महिंद्रा प्राइड क्लासरूम की समन्वयक एवं रिसोर्स पर्सन स्पर्धा श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत कराई। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश रंजन, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. सगुफ्ता नाज, दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा रानी, डॉ. रिंकु कुमारी, डॉ. देवाश्रुति घोष, डॉ. आशा सिंह यादव, डॉ. रामदुलार सहनी और डॉ. शमसीर अली सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।












