Advertisement

नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक बराज का बढ़ा जलस्तर, सीएम सम्राट चौधरी ने किया हवाई सर्वेक्षण

-नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक बराज का बढ़ा जलस्तर, सीएम सम्राट चौधरी ने किया हवाई सर्वेक्षण

बगहा/वाल्मीकिनगर। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक बराज में बढ़ते जलस्तर ने बिहार के सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को गंडक बराज सहित बगहा और वाल्मीकिनगर के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।
हवाई निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंडक नदी के जलस्तर, निचले इलाकों की स्थिति और संभावित बाढ़ के प्रभाव का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि नेपाल में आई बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों बगहा, वाल्मीकिनगर, बेतिया और मोतिहारी में स्थिति का सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान संभावित प्रभाव, एहतियाती उपायों और राहत-बचाव की तैयारियों की समीक्षा की गई।
नेपाल में लगातार बारिश के कारण नदियों में पानी बढ़ रहा है। इसके चलते गंडक बराज का जलस्तर भी बढ़ा है और वाल्मीकिनगर समेत आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। निचले और संवेदनशील इलाकों पर लगातार निगरानी रखने तथा पानी बढ़ने की स्थिति में लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
राहत सामग्री, बचाव दल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
नेपाल से आने वाले पानी और गंडक बराज के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती जिलों में प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री का हवाई सर्वेक्षण ऐसे समय में हुआ है, जब नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद बिहार में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है।