Advertisement

रक्षाबंधन पर Blinkit की अनोखी पहल, डिलीवरी बैग पर छपा ‘राखी प्रोटेक्शन एग्रीमेंट’

-रक्षाबंधन पर Blinkit की अनोखी पहल, डिलीवरी बैग पर छपा ‘राखी प्रोटेक्शन एग्रीमेंट’

नई दिल्ली। रक्षाबंधन के पावन पर्व को यादगार बनाने के लिए क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट ने भाई-बहन के रिश्ते को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया है। कंपनी ने भाई-बहन के बीच होने वाली खट्टी-मीठी नोकझोंक, प्यार और भरोसे को एक मजेदार ‘राखी प्रोटेक्शन एग्रीमेंट’ का रूप दिया है। खास बात यह है कि यह पहल सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रही, बल्कि एग्रीमेंट को ब्लिंकिट के डिलीवरी पेपर बैग पर भी छापा गया है।
इस खास बैग पर भाई और बहन के नाम के साथ उनके हस्ताक्षर के लिए भी जगह दी गई है। यानी सामान की डिलीवरी के साथ भाई-बहन के रिश्ते को लेकर एक ऐसा ‘कॉन्ट्रैक्ट’ भी घर पहुंच रहा है, जिसे दोनों हस्ताक्षर कर यादगार बना सकते हैं।
एग्रीमेंट में भाई-बहन के रिश्ते से जुड़े कई मजेदार और भावनात्मक नियम शामिल किए गए हैं। सुरक्षा से जुड़े क्लॉज में भाई से बहन को छिपकली और कॉकरोच जैसे डर से बचाने, पारिवारिक कार्यक्रमों में उसका ड्राइवर बनने और रिश्तेदारों के मुश्किल सवालों से उसे बचाने की जिम्मेदारी निभाने की बात कही गई है।


वहीं, सहयोग वाले क्लॉज में बहन को भाई को माता-पिता की डांट से बचाने, जरूरत पड़ने पर पॉकेट मनी से मदद करने और सही सलाह देने की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों के लिए ऑन-कॉल सपोर्ट का भी प्रावधान रखा गया है, जिसके तहत भाई हर परिस्थिति में बहन का साथ देगा और बहन बिना किसी जजमेंट के भाई की बातें सुनेगी।
इस ‘एग्रीमेंट’ का सबसे दिलचस्प हिस्सा गोपनीयता से जुड़ा है। इसमें भाई-बहन के बीच के सीक्रेट्स को माता-पिता से सुरक्षित रखने की बात कही गई है। यह नियम भाई-बहन के बीच के भरोसे और बचपन की यादों को मजेदार अंदाज में सामने लाता है।
एग्रीमेंट में यह भी बताया गया है कि यह समझौता आजीवन लागू रहेगा। अगर कोई भाई या बहन नियमों का उल्लंघन करता है तो उसे ‘साइलेंट ट्रीटमेंट’ जैसी मजेदार सजा मिल सकती है और मामला मजाकिया अंदाज में ‘पेरेंट्स कोर्ट’ तक पहुंच सकता है।
ब्लिंकिट की इस पहल को सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा है। कई भाई-बहन डिलीवरी बैग पर हस्ताक्षर कर उसकी तस्वीरें और रील्स सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। सामान निकालने के बाद पेपर बैग को फेंकने के बजाय लोग इसे भाई-बहन के रिश्ते की यादगार स्मृति के तौर पर संभालकर रख रहे हैं। रक्षाबंधन के मौके पर कंपनी की यह रचनात्मक पहल भाई-बहन के रिश्ते की मिठास को एक अलग और मजेदार अंदाज में सामने ला रही है।