-गोरखपुर कैंट-उनौला दोहरीकरण कार्य के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव
समस्तीपुर, 26 अगस्त। वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर गोरखपुर कैंट और उनौला स्टेशनों के बीच पैच दोहरीकरण के कमीशनिंग कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जाएगा। साथ ही 3 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया जाना है। इसके मद्देनजर रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने, कुछ ट्रेनों का मार्ग बदलने, कुछ का समय पुनर्निर्धारित करने और कुछ ट्रेनों को नियंत्रित कर चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार नरकटियागंज से 31 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाली 55095 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी, गोरखपुर कैंट से 31 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाली 55098 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज सवारी गाड़ी तथा नरकटियागंज से 1 से 4 सितंबर तक चलने वाली 55097 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी।
इसके अलावा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस 1 और 2 सितंबर को रोजा-लखनऊ-बाराबंकी-अयोध्या कैंट-वाराणसी जंक्शन-छपरा ग्रामीण-मुजफ्फरपुर के रास्ते चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इस ट्रेन का ठहराव मैंगलगंज, सीतापुर सिटी, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, घुघली, सिसवाबाजार, खड्डा, बगहा, हरिनगर, नरकटियागंज, चनपटिया, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, पिपरा, चकिया, मेहसी और मोतीपुर में नहीं होगा।
अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस 1 सितंबर तथा जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस 2 और 3 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इन ट्रेनों का ठहराव क्रमश: प्रभावित मार्ग के कई स्टेशनों, जिसमें गोंडा, बस्ती, गोरखपुर और देवरिया सदर शामिल हैं, पर नहीं होगा।

काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस 1 सितंबर को तथा हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस 2 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इन ट्रेनों का गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं रहेगा।
पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस 2 और 3 सितंबर को छपरा-वाराणसी जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी-लखनऊ-रोजा के रास्ते चलेगी। इसके कारण एकमा, सीवान, मैरवा, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर और मैंगलगंज में इसका ठहराव नहीं होगा।
ललितग्राम-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस 3 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी और सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती तथा गोंडा में नहीं रुकेगी। कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस 1 और 2 सितंबर को छपरा-औंड़िहार-जौनपुर-अयोध्या कैंट-बाराबंकी के रास्ते चलेगी और एकमा, सीवान, मैरवा, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, गोंडा तथा करनैलगंज में ठहराव नहीं रहेगा।
दरभंगा-नई दिल्ली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस 3 सितंबर को छपरा-वाराणसी जंक्शन-बनारस-प्रयागराज जंक्शन-कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग और उन्नाव में इसका ठहराव नहीं होगा।
चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 2 सितंबर को लखनऊ-सुलतानपुर-वाराणसी जंक्शन-छपरा के रास्ते चलेगी। इसके कारण गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर और सीवान में ठहराव नहीं रहेगा। खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस 1 और 2 सितंबर को बाराबंकी-अयोध्या कैंट-शाहगंज-मऊ-भटनी-सीवान-थावे-कप्तानगंज के रास्ते चलेगी और गोंडा तथा गोरखपुर में नहीं रुकेगी।
बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल और दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 3 सितंबर को छपरा-औंड़िहार-वाराणसी जंक्शन-बनारस-प्रयागराज जंक्शन-कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलेंगी। दोनों ट्रेनों का सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती और ऐशबाग में ठहराव नहीं होगा।
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है। बढ़नी-नरकटियागंज सवारी गाड़ी 30 अगस्त से 3 सितंबर तक 240 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जाएगी। आनंद विहार टर्मिनल-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस 31 अगस्त को 60 मिनट देरी से चलेगी। संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस 2 सितंबर को 300 मिनट, बरौनी-बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस 3 सितंबर को 300 मिनट, जबकि मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस 3 सितंबर को 240 मिनट पुनर्निर्धारित की जाएगी। बांद्रा टर्मिनस-बरौनी अवध एक्सप्रेस 31 अगस्त को 120 मिनट और कटिहार-दिल्ली चंपारण हमसफर एक्सप्रेस 3 सितंबर को 75 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाई जाएगी।
इसके अलावा दरभंगा-खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस को 3 सितंबर को वाराणसी मंडल में 45 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। कामाख्या-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस को 31 अगस्त को वाराणसी मंडल में 45 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस को 31 अगस्त और 4 सितंबर को लखनऊ मंडल में 60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
बांद्रा टर्मिनस-बरौनी अवध एक्सप्रेस को 30 अगस्त को उत्तर रेलवे में 30 मिनट और लखनऊ मंडल में 45 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन, मार्ग और ठहराव से संबंधित जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।












