Advertisement

नशेड़ी पति पर पत्नी की गला दबाकर हत्या का आरोप, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

-नशेड़ी पति पर पत्नी की गला दबाकर हत्या का आरोप, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मुजफ्फरपुर। करजा थाना क्षेत्र के पकड़ी पकोही गांव में शनिवार को घरेलू विवाद के बाद एक महिला की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके पति शहाबुद्दीन पर लगा है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गुलशन खातून (34) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शहाबुद्दीन नशे का आदी बताया जाता है और वह अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता था। शनिवार को भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान शहाबुद्दीन ने गुलशन खातून का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।


महिला की मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। गुलशन खातून के तीन बच्चे बताए जा रहे हैं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर करजा थाना के दारोगा मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पति शहाबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल की भी जांच की गई।
करजा थानाध्यक्ष रामएकबाल प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। शव को कब्जे में ले लिया गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, ताकि आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा सकें। मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस आरोपी पति से पूछताछ के साथ ही मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।