-बिहार बंद के बीच मुजफ्फरपुर रहा शांत, डीएम-एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च; ड्रोन और साइबर टीम से रही निगरानी
मुजफ्फरपुर। नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन के समर्थन में शनिवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान राज्य के कई जिलों से हिंसा और उपद्रव की खबरें सामने आईं, लेकिन मुजफ्फरपुर में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में रही। बंद समर्थकों ने जिले में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया, जबकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।
बंद को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आम लोगों में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा स्वयं सड़कों पर उतरे। दोनों अधिकारियों ने कल्याणी चौक से पानी टंकी चौक तक भारी पुलिस बल के साथ पैदल फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च में सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी, एसडीएम (पूर्वी) आनंद उत्सव, नगर आयुक्त सहित जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी शामिल रहे। अधिकारियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि पूरे जिले में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए शहर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार की जा रही है। साथ ही अफवाहों और शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष साइबर टीम की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने जिलेवासियों और प्रदर्शनकारी छात्रों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने, उपद्रव या तोड़फोड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस की आईटी सेल डिजिटल गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि जिले में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रहे।












