Advertisement

सुधा डेयरी के दूषित जल से किसानों की बढ़ी मुश्किलें

-सुधा डेयरी के दूषित जल से किसानों की बढ़ी मुश्किलें

-विधानसभा अध्यक्ष से मिला विधायकों का प्रतिनिधिमंडल

मुजफ्फरपुर। कांटी प्रखंड के सदातपुर स्थित सुधा डेयरी प्लांट से निकल रहे दूषित एवं बदबूदार जल के कारण किसानों और स्थानीय ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदूषित पानी से करीब 40 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हो चुकी है, जबकि 1100 से अधिक लीची के पेड़ सूखने की बात सामने आई है। दूषित जल और दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर गुरुवार को कांटी विधायक अजीत कुमार के नेतृत्व में विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से मुलाकात कर शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि डेयरी प्लांट से बहाए जा रहे प्रदूषित जल के कारण किसानों की खेती, लीची उत्पादन और ग्रामीणों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने संबंधित अधिकारियों की जल्द बैठक बुलाकर स्थायी समाधान निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्या के त्वरित निष्पादन की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि यह मुद्दा पहले भी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) और जिला 20 सूत्री समिति की बैठकों में विधायक अजीत कुमार द्वारा उठाया जा चुका है। उस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने डेयरी प्रबंधन को उचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने तथा दूषित जल निकासी के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया था। हालांकि अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक अजीत कुमार के साथ विधायक मनजीत कुमार सिंह, शालिनी मिश्रा और मनीष कुमार भी शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने मांग की कि किसानों की फसलों और लीची बागानों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा दूषित जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान जल्द सुनिश्चित किया जाए।