Advertisement

मानवता शर्मसार: होटल कर्मी बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई, थूक चटवाने का वीडियो वायरल

-मानवता शर्मसार: होटल कर्मी बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई, थूक चटवाने का वीडियो वायरल

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। करजा थाना क्षेत्र में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे एक बुजुर्ग होटल कर्मी को कुछ युवकों ने ट्रक से उतारकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने बुजुर्ग से थूक भी चटवाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश है। घायल बुजुर्ग का मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना करजा थाना क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में कुछ युवक पहले बुजुर्ग को ट्रक से नीचे उतारते दिखाई देते हैं। इसके बाद उसे एक लाइन होटल के पास ले जाकर डंडों से जमकर पीटा जाता है। वीडियो में बुजुर्ग लगातार रहम की गुहार लगाते नजर आते हैं, लेकिन आरोपी उन पर लगातार हमला करते रहते हैं। आरोप है कि मारपीट के बाद बुजुर्ग से जबरन थूक भी चटवाया गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला मुख्य आरोपी करजा थाना क्षेत्र के नवादा गांव का रहने वाला देवेंद्र राय है। वह अपने कुछ साथियों के साथ जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित एक लाइन होटल में काम करता है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना में घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
इस मामले में सरैया के एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि वायरल वीडियो और घटना की जानकारी पुलिस के संज्ञान में आ गई है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।