Advertisement

पेपर लीक और छात्र मुद्दों को लेकर भाकपा-माले का मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

-पेपर लीक और छात्र मुद्दों को लेकर भाकपा-माले का मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

धनरुआ (पटना), 20 जुलाई। धनरुआ प्रखंड के बीर चौराहा से सोमवार को भाकपा-माले के जनसंगठनों के नेतृत्व में छात्र-युवा मार्च निकाला गया। मार्च बीर चौराहा से बाजार होते हुए ओरियारा हाई स्कूल स्थित जर्जर छात्रावास परिसर तक पहुंचा, जहां नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए खेग्रामस नेता जितेंद्र राम ने आरोप लगाया कि छात्र-युवा अपने अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।


आरवाईए (रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन) के नेता शशि रंजन कुमार ने कहा कि छात्र-युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है। उनका आरोप था कि समय पर भर्तियां नहीं निकाली जातीं और जब परीक्षाएं आयोजित होती हैं तो कई बार पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए तथा छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्र-युवाओं की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मार्च और सभा में पिंकी, चांदनी, संजू, प्रीति, सोनाली, नेहा, अमृता, गौरव, ममता, अंजुली, विभा, स्वीटी, राखी, शांति, काजल, आरती, पूजा, प्रियंका, सविता, लक्ष्मिणी, शिवानी, शिवम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता शामिल हुए।