Advertisement

ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

-ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

-समाहरणालय पर गरजे किसान-मजदूर

मुजफ्फरपुर। जिले में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना के विरोध में सोमवार को ‘किसान मजदूर संगठन बिहार’ के बैनर तले समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसानों और कृषि मजदूरों ने भाग लेकर भूमि अधिग्रहण का विरोध किया।
संगठन के संस्थापक-सह-अध्यक्ष सतीश कुमार के नेतृत्व में आयोजित धरने का मुख्य उद्देश्य टाउनशिप योजना के नाम पर उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण का विरोध करना और किसानों के अधिकारों की रक्षा करना बताया गया। प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारी “निकलो खेत-खलिहानों से, लड़ना है बेईमानों से” और “जमीन हमारी, अधिकार हमारा, निर्णय हमारा” जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद करते रहे।
धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना से स्थानीय किसानों और कृषि पर निर्भर मजदूरों के आशियाने और रोजगार पर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा।

उनका कहना था कि विकास के नाम पर उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण किसानों के हितों के विपरीत है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को एक मांग-पत्र भी सौंपा। इसमें टाउनशिप योजना की पुनः समीक्षा करने, किसानों की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण नहीं करने तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की गई।
धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं, जिला प्रशासन ने मांग-पत्र प्राप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया।