-समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी, कुख्यात अपराधी समेत दो की गोली मारकर हत्या
समस्तीपुर। जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में देर रात हुए सनसनीखेज डबल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। नामापुर दरियापार गांव में 8 से 10 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कुख्यात अपराधी प्रभात चौधरी और उसके साथी सन्नी कुमार की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और दोनों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। फायरिंग इतनी तेज थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही चकमेहसी थाना पुलिस, एफएसएल टीम और समस्तीपुर के वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। घटनास्थल से दो लोडेड मैगजीन और कई खोखे बरामद किए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे।
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रभात चौधरी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है, जबकि दूसरा मृतक सन्नी कुमार बेलसंडी का रहने वाला बताया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस गैंगवार, पुरानी रंजिश और आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई को घटना का संभावित कारण मानकर जांच कर रही है।

जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास जारी है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर समस्तीपुर में कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस की जांच और इस हाई-प्रोफाइल डबल मर्डर केस के खुलासे पर टिकी है।












