-भीषण गर्मी में राहत: राजापाकर प्रखंड में युद्धस्तर पर हो रही चापाकलों की मरम्मत
राजापाकर/वैशाली, संजय श्रीवास्तव। भीषण गर्मी को देखते हुए राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचडी) द्वारा खराब पड़े सरकारी चापाकलों एवं हाथी कलों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराई जा रही है। विभाग का उद्देश्य लोगों को पेयजल संकट से राहत दिलाना और सार्वजनिक स्थलों पर जलापूर्ति सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पीएचडी की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में जहां भी सरकारी चापाकल या हाथी कल खराब हैं, वहां के लोग विभाग से संपर्क करें। शिकायत मिलने पर संबंधित चापाकल की शीघ्र मरम्मत कराई जाएगी।
इसी क्रम में बुधवार को भलुई पंचायत के डुमरी गांव स्थित जगा राम के महादलित टोला में खराब पड़े हाथी कल को ठीक किया गया। वहीं पंचई महेश गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के समीप स्थित हाथी कल की भी मरम्मत कर उसे चालू किया गया।

इसके अलावा राजकीय प्रारंभिक विद्यालय पंचई महेश एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कल्याणपुर परिसर में कई दिनों से खराब पड़े हाथी कलों को भी दुरुस्त किया गया। वहीं राजापाकर बाजार में छोटन लाल गुप्ता के दरवाजे पर तथा उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित मस्जिद टोला में मोहम्मद मुकीम एवं दिनेश ठाकुर के यहां लगे हाथी कलों की भी मरम्मत की गई।
ज्ञात हो कि प्रखंड के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पीएचडी विभाग द्वारा लगाए गए कई चापाकल लंबे समय से खराब पड़े थे। जिला पदाधिकारी वैशाली के निर्देश पर इन सभी चापाकलों को युद्धस्तर पर ठीक करने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े।
कनीय अभियंता अनामिका कुमारी स्वयं विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों की जांच कर रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि सभी चापाकल सुचारू रूप से कार्य करें।











