Advertisement

होटलों और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

-होटलों और अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

मुजफ्फरपुर। जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला अग्निशमन पदाधिकारी आमिर इसरार के नेतृत्व में विभिन्न अस्पतालों और होटलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अग्निशमन पदाधिकारी रामनिवास पाण्डेय भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में अग्निशमन केंद्र मुजफ्फरपुर के अंतर्गत धनवंति शिशु क्लिनिक, रामेश्वर यूरोलॉजिकल एंड स्टोन सेंटर, अपोलो मैटरनिटी, जुड़न छपरा हॉस्पिटल तथा बसंत होटल सहित कई प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। वहीं अग्निशमन केंद्र मोतीपुर क्षेत्र में सुधांशु क्लिनिक, एजीएल हॉस्पिटल और संजय कुमार माइंड क्लिनिक का भी निरीक्षण किया गया।


अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान संस्थानों के संचालकों को अग्नि सुरक्षा प्रबंधन के दृष्टिकोण से आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि सभी प्रतिष्ठानों को बिहार अग्निशमन सेवा नियमावली-2021 में वर्णित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। साथ ही अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा मानकों को नियमित रूप से अपडेट रखने और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।