लुधियाना में शादी समारोह बना रणक्षेत्र: गैंगवार में महिला समेत दो की मौत, कई घायल

💥- लुधियाना में शादी समारोह बना रणक्षेत्र: गैंगवार में महिला समेत दो की मौत, कई घायल

लुधियाना (पंजाब)। प्रदेश में बढ़ रही अपराध घटनाओं के बीच लुधियाना में शनिवार देर रात एक शादी समारोह खून-खराबे में बदल गया। स्थानीय बाथ कैसल मैरिज पैलेस में दो दुश्मन गैंगों के आमने-सामने आने पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों गुटों ने 70–80 राउंड गोलियां चलाईं।

इस गोलीबारी में विवाह समारोह में शामिल नीरू छाबड़ा नामक महिला और वासू नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा 4–5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें विवाद को शांत कराने पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता जे.के. डावर भी शामिल हैं।

🔹 समारोह में मची अफरा-तफरी

गोलियों की आवाज सुनते ही शादी समारोह में हड़कंप मच गया। लोग कुर्सियों, टेबलों और दीवारों के पीछे छिपकर जान बचाने की कोशिश करने लगे। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए मैरिज पैलेस से बाहर भाग निकले। घटना के समय कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

🔹 पुरानी दुश्मनी ने ली दो जानें

पुलिस के अनुसार, शहर के मेलों के ठेकेदार के बेटे की शादी उसी मैरिज पैलेस में थी। समारोह में दोनों गैंगों के सदस्य भी आमंत्रित थे, जिनकी आपस में पुरानी रंजिश थी। शराब के नशे में कहासुनी बढ़ी और मामला हिंसक रूप लेता गया। इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।

🔹 पुलिस जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और मैरिज पैलेस को घेर लिया। शुरुआती जांच में गैंगवार की पुष्टि हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

लुधियाना में हुई इस बड़ी वारदात ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles