-महिला अल्पावास गृह का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर।
महिला अल्पावास गृह का आज माननीय बालिका गृह निरीक्षण समिति की अध्यक्ष श्रीमती अप्सरा के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। उनके साथ समिति की माननीय सदस्यगण श्रीमती श्यामा सिंह एवं श्रीमती पिंकी कुमारी भी उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान समिति की सदस्यों ने गृह में निवासरत महिलाओं की स्थिति, स्वास्थ्य, भोजन, सुरक्षा एवं रहन-सहन की समग्र व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने रसोईघर, शयन कक्ष, चिकित्सा कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में समिति द्वारा रजिस्टर, भोजन सूची, स्वास्थ्य परीक्षण रजिस्टर आदि अभिलेखों की भी जांच की गई। साथ ही, अल्पावास गृह में निवासरत महिलाओं से व्यक्तिगत बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए।
माननीय अध्यक्ष श्रीमती अप्सरा ने कहा कि अल्पावास गृहों की नियमित निगरानी से ही व्यवस्था में पारदर्शिता एवं सुधार सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सुविधा पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
निरीक्षण के उपरांत समिति द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने हेतु निर्देशित किया गया तथा अगले निरीक्षण तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।












