-राजेंद्र महतो ‘मधेशी एसोसिएशन इन अमेरिका’ के सम्मेलन में भाग लेने अमेरिका रवाना
जनकपुरधाम | मिश्रि लाल मधुकर।
राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व उप-प्रधानमंत्री राजेंद्र महतो अमेरिका में रह रहे मधेशी समुदाय की संस्था ‘मधेशी एसोसिएशन इन अमेरिका (मां)’ के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए शुक्रवार को अमेरिका के लिए रवाना हुए। वे अपनी धर्मपत्नी व संविधान सभा सदस्य शैल कुमारी महतो के साथ त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से अमेरिका की यात्रा पर निकले। वहां उन्हें पार्टी नेताओं और शुभचिंतकों ने माला पहनाकर विदाई दी।
वर्जीनिया राज्य के मानसस शहर में 25 मई को आयोजित हो रहे इस सम्मेलन का नारा है: “मधेशी के शान, अपन संस्कृति, अपन पहचान, मां के अभियान, मधेशी के समग्र उत्थान”। सम्मेलन में श्री महतो प्रमुख अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इस आयोजन में अमेरिका स्थित नेपाली दूतावास के राजनयिकों के साथ अमेरिका भर से बड़ी संख्या में मधेशी समुदाय के लोग भाग लेंगे।

संस्था की अध्यक्ष संगीता रौनियार ने बताया कि यह सम्मेलन ऐतिहासिक होने वाला है और अमेरिका में रह रहे मधेशी भाई-बहनों में इसे लेकर भारी उत्साह है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम समन्वयक मनोज सिंह ने कहा कि, “हम अमेरिका में रहते हुए भी अपनी मधेशी संस्कृति, सभ्यता और आत्मसम्मान को नहीं भूले हैं। यह सम्मेलन मधेशी एकता का प्रतीक बनेगा, जिसका प्रभाव नेपाल की धरती पर भी पड़ेगा।”
राजेन्द्र महतो का अमेरिका प्रवास 10 दिनों का होगा, जिसके बाद वे कतर में चार दिनों तक मधेशी समुदाय से मुलाकात करेंगे।
#मधेशी_सम्मेलन #राजेन्द्र_महतो #मां #मधेशी_एसोसिएशन #अमेरिका_प्रवास #मधेशी_एकता #जनकपुरधाम_समाचार














