चंपारण की खबर::
-रक्सौल में व्यवसायी को चाकू मारकर अपराधियों ने 2 लाख रुपए लूटे
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
जिले के रक्सौल में शुक्रवार की देर शाम एक व्यवसायी अनिल खेतान को बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने चाकू मारकर 2 लाख रुपये लूट लिए। घटना रक्सौल रेलवे स्टेशन के नजदीक ओल्ड आईओसी कॉलोनी के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने अंजाम दिया। जहां अपराधियों ने व्यवसायी को चाकू से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। जिसके काफी देर के बाद घायल व्यवसायी को चिल्लाते हुए स्थानीय लोगों ने देखा तब जाकर नजदीकी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।

जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे वीरगंज के नारायणी अस्पताल में रेफर किया गया है। व्यवसायी अनिल खेतान अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने घर नेपाल के वीरगंज स्थित छपकैया जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उनके पीठ में चाकू मारकर जख्मी कर अनिल खेतान के पास से 2 लाख नकद रुपये लूट लिए। वहीं चाकू से घायल होने के बाद अनिल दर्द से कराहते और चिल्लाते रहे। लेकिन, रात के अंधेरे होने की वजह से स्थानीय लोग मदद के लिए देर से पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद वीरगंज के नारायणी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।















