Advertisement

रामबन में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत नाजुक

-रामबन में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत नाजुक

मुजफ्फरपुर/शिवहर। शिवहर जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के रामबन गांव में सोमवार की रात पूर्वी चंपारण के एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरिया प्रखंड के मनियारपुर गांव निवासी विधन सहनी के 25 वर्षीय पुत्र वकील सहनी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, वकील सहनी सोमवार रात किसी आवश्यक कार्य से शिवहर के रामबन गांव गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है और परिजनों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इधर, हमले के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।