Advertisement

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीडीसी ने किया स्थलीय निरीक्षण, राहत कार्यों की समीक्षा

-बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीडीसी ने किया स्थलीय निरीक्षण, राहत कार्यों की समीक्षा

मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा ने बुधवार को सरैया प्रखंड के बाढ़ प्रभावित रेवा, बसतपुर एवं रतनपुर डीही क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ की स्थिति के साथ जिला प्रशासन की ओर से संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर, प्रभावित परिवारों की संख्या, आवागमन की स्थिति और उपलब्ध कराई जा रही राहत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं समयबद्ध तरीके से पहुंचाई जाएं। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने को कहा।

कम्युनिटी किचेन में भोजन की गुणवत्ता जांची:

उप विकास आयुक्त ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संचालित कम्युनिटी किचेन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, स्वच्छता व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन विभाग की निर्धारित एसओपी के अनुरूप कम्युनिटी किचेन का संचालन हो। प्रभावित लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए और भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाए।

डीडीसी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक राहत एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक सतत निगरानी, त्वरित समन्वय और प्रभावी राहत व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।