Advertisement

सोनपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत व्यापक श्रमदान अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्काउट्स ने लिया हिस्सा

-सोनपुर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत व्यापक श्रमदान अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्काउट्स ने लिया हिस्सा

सोनपुर, 1 अक्टूबर 2026। स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के तहत पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में बुधवार को मंडल के सभी स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य परिसरों में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

सोनपुर स्थित रेलवे ऑफिसर्स क्लब में भी मंडल रेल प्रबंधक सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर साफ-सफाई की। अभियान के दौरान रेलवे परिसरों, स्टेशनों, कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आम लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।

मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने कहा कि रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासों के साथ सामूहिक सहभागिता जरूरी है। उन्होंने यात्रियों और आमजन से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

सोनपुर मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के दौरान स्वच्छता के साथ जनभागीदारी एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना है। इस दौरान “स्वच्छ रेल, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ भारत” के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।