– नटवरलाल निकला स्वर्ण व्यवसायी,करोड़ो रुपया ठगी कर हुआ फरार
–दो नवंबर को वाराणसी से गायब होने का परिवार वालों ने की थी शिकायत
–कमिटी, जमीन,सोना और मोटी कमीशन देने का प्रलोभन देकर करोड़ों रुपया लेकर हुआ था फरार
–कुल 15 से 20 करोड़ रुपया लेकर भागने की जताई जा रही आशंका
-11 पीड़ितों ने टाउन थाना में आवेदन देकर व्यवसायी पर मुकदमा कराया दर्ज
–स्वर्ण व्यवसायी का परिवार घरों में हो गए कैद
–पैसा वापसी का परिवार वालों पर पीड़ितों के द्वारा बनाया जा रहा दबाव
मो. अंजुम आलम,जमुई (बिहार)।
गायब स्वर्ण व्यवसाई चन्द्रभूषण प्रसाद साह को धरती निगल गई या आसमान में समा गया, इसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। जो एक रहस्य बना हुआ है। जिसकी चर्चा पूरे बाज़ार में हो रही है। इस मामले में प्रत्येक दिन एक नया मोड़ आ रहा है। शुक्रवार को भी जमुई के विभिन्न जगहों से अधिवक्ता चंदन सिंह समेत 11 पीड़ित टाउन थाना पहुंचे और स्वर्ण व्यवसाई चंद्रभूषण प्रसाद साह पर ठगी करने,जालसाजी के तहत लाखों रुपया लेकर भागने का कारोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

साथ ही आरोपित व्यवसाई पर कार्रवाई करने की मांग की है। व्यवसाई के गायब होने मामले को पीड़ितों ने झूठा बताया है। आवेदन देने वालों में अधिवक्ता चंदन कुमार सिंह, अधिवक्ता, गुड्डू सिंह, रतन वर्णवाल, निर्मल कुमार सिंह, विजय वर्णवाल, मंतोष कुमार सिंह, पंकज सिंह, अरुण कुमार सिंह, दिवेश कुमार सिंह,गुड्डू साव, सुशांत कुमार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य लोग भी व्यवसाई के ठगी का शिकार हुए हैं। किसी ने जमीन और मकान दिलाने के लिए 45 लाख तो किसी ने 72 लाख,किसी ने 25 लाख, किसी ने कमिटी खेलाने के नाम पर पांच लाख तो सोने के जेवरात के नाम पर 30 लाख लेकर भागने का आरोप लगाया है।
पीड़ितों ने बताया कि स्वर्ण व्यवसाई चंद्रभूषण प्रसाद साह के द्वारा किसी को पांच नवंबर तो किसी को 10 नवंबर में पैसा लौटाने की बात कही गई थी, लेकिन व्यवसाई दो नवंबर से ही गायब हो गए और जब उनके परिवार वालों पर पैसा देने का दबाव बनाया गया तो उल्टा उनकी पत्नी के द्वारा स्वर्ण व्यवसाई के गायब होने की शिकायत टाउन थाना में दर्ज करा दिया गया और पैसा देने के नाम पर चुप्पी साध ली गई। पीड़ितों ने यह दावा किया है कि वे गायब नहीं हुए है बल्कि वह पैसा लेकर फरार हो गया है। उन लोगों ने बताया कि उसे कई जगहों पर देखा गया है और स्वर्ण व्यवसाई अपने परिवार वालों के संपर्क में भी है। हालांकि स्वर्ण व्यवसायी की पत्नी पूजा कुमारी ने बताया कि दो नवंबर को उनके पति चंद्रभूषण प्रसाद साह बिजनेस के परपस से वाराणसी गए थे। जहां पहुंचने के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो रहा है। बकाया पैसा का उन्हें जानकारी नहीं है। उनके पति जबसे गायब हुए हैं तब से लोगों द्वारा उनपर दबाव बनाया जा रहा है। उनके घरों में ही उनलोगों को कैद कर दिया गया है और दरवाजा के बाहर ताला भी जड़ दिया गया है।
















