-70वीं बीपीएससी के सफल अभ्यर्थियों का हुआ सम्मान, युवाओं को समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान
पटना में आयोजित छात्र सम्मान समारोह में मेधावियों को किया गया सम्मानित
पटना। राजधानी पटना के बोरिंग रोड स्थित सिविल्स फोड़ो के प्रांगण में आज 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के सम्मान में छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न रैंक हासिल करने वाले सफल अभ्यर्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मानित होने वाले अभ्यर्थियों में शाहीन आफरीन (रैंक-49), अविनाश कुमार (78), शिवेंदु आनंद (87), धनंजय कुमार (368), सेजल कुमार (475), श्वेता भारती (505), अमरजीत कुमार (736), प्रांजलि राज (1172), प्रकृति कुमारी (1847), मयंक कुमार (3412) तथा किरण कुमारी (4049) शामिल रहे। कार्यक्रम में सभी सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह के आयोजक एवं प्रबंध निदेशक दीपक प्रकाश (एम.ए. इन इंटरनेशनल रिलेशंस, यूनिवर्सिटी ऑफ इंडियानापोलिस, यूएसए) ने कहा कि बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि आज के युवा अपनी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के बल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं, जो अन्य अभ्यर्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।
दीपक प्रकाश ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना ही उनकी सबसे बड़ी पहचान होगी। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने का आह्वान किया तथा कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर प्रयास ही मंजिल तक पहुंचाता है।












