Advertisement

दशहरा और रावण दहन को लेकर प्रशासन अलर्ट, मेला घूमने वालों के लिए जारी की एडवाइजरी

-दशहरा और रावण दहन को लेकर प्रशासन अलर्ट, मेला घूमने वालों के लिए जारी की एडवाइजरी

-बच्चों का हाथ नहीं छोड़ने और अफवाहों से बचने की अपील
-संदिग्ध वस्तु दिखने पर डायल 112 को दें सूचना

मुजफ्फरपुर। दशहरा और रावण दहन कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने मेला घूमने जाने वाले लोगों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि लोगों की सतर्कता और सहयोग से किसी भी हादसे या अनहोनी को रोका जा सकता है। प्रशासन ने सभी से शांति बनाए रखने और विधि-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की है।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मेले में जाने से पहले अभिभावक अपने बच्चों की जेब में नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर जरूर रखें। मेले में बच्चों का हाथ नहीं छोड़ें और उन्हें अकेले इधर-उधर जाने से रोकें। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जल्दबाजी करने से बचें और कतारबद्ध होकर धीरे-धीरे आगे बढ़ें, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

एडवाइजरी में लोगों से किसी भी तरह की अफवाह नहीं फैलाने और उस पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। मेले में पटाखे और ज्वलनशील पदार्थ लेकर जाने पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। इसके साथ ही धूम्रपान और नशे के सेवन से बचने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं फैलाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन मार्गों को किसी भी परिस्थिति में अवरुद्ध नहीं किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस और अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाएं तत्काल पहुंच सकें।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने लोगों से जांच में सहयोग करने की अपील की है। कहा गया है कि सुरक्षा जांच आम लोगों और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इसलिए पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

प्रशासन ने संदिग्ध और लावारिस वस्तुओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। यदि मेले या आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न छुएं और तत्काल मौके पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, नियंत्रण कक्ष या डायल 112 पर सूचना दें। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ पर्व मनाएं तथा दशहरा और रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।