Advertisement

551 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा, 3 मई से अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ

-551 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा, 3 मई से अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। प्रखंड के जाफरपट्टी पंचायत अंतर्गत रामपुर ब्रह्मदास स्थित काली मंदिर परिसर में 3 मई को आयोजित होने वाले अष्टयाम यज्ञ को लेकर गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। चेचर महादेव मठ से 551 कन्याओं ने गाजे-बाजे और बैड-बाजे के साथ शोभायात्रा की शुरुआत की, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

कलश यात्रा चेचर महादेव मठ से निकलकर चकौषन, चंद्रपुरा, धर्मपुर, देसरी और गाजीपुर चौक होते हुए सुबह करीब 10 बजे काली मंदिर रामपुर ब्रह्मदास पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संकल्प पिंटू झा द्वारा कराया गया। इसके बाद श्रद्धालु कतारबद्ध होकर करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर यज्ञ स्थल पहुंचे।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कलश यात्रा भक्ति, शुद्धि और मंगल का प्रतीक होती है। महिलाएं सिर पर कलश रखकर पवित्र जल लाती हैं, जिससे यज्ञ स्थल को दिव्य ऊर्जा प्राप्त होती है और वातावरण से नकारात्मकता दूर होती है। अष्टयाम यज्ञ का विशेष महत्व दिन-रात के आठ प्रहरों में भगवान के नाम-संकीर्तन और स्मरण से जुड़ा है, जो मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करता है।

जिला पुलिस प्रशासन ने शोभायात्रा को सफल बनाने में हर स्तर पर सहयोग किया, जिसके लिए आयोजन समिति ने देसरी थाना और राजापाकर थाना का आभार जताया।

अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ 3 मई को होगा, जिसमें 24 घंटे तक काली, दुर्गा, राधे-श्याम, गौरी-शंकर और सीताराम के नामों का जाप किया जाएगा। 4 मई को यज्ञ समापन के उपरांत रात्रि में राम विवाह कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।