Advertisement

प्रेमी की दूसरी शादी की तैयारी से मचा बवाल, कथित पति के घर के दरवाजे पर धरने पर बैठी युवती

-प्रेमी की दूसरी शादी की तैयारी से मचा बवाल, कथित पति के घर के दरवाजे पर धरने पर बैठी युवती

-30 नवंबर को तय है युवक की शादी, युवती ने 2021 से प्रेम संबंध और शादी का किया दावा; 25 दिनों से लगा रही न्याय की गुहार

मुजफ्फरपुर। प्यार पुराना है और शादी करने का दावा भी है, लेकिन प्रेमी की दूसरी शादी की तैयारी ने पूरे मामले को विवाद में डाल दिया है। शादी की तारीख 30 नवंबर तय होने की जानकारी मिलने पर एक युवती शनिवार को अपने कथित पति के घर पहुंच गई। वहां युवक के परिजनों ने उसे बहू मानने से इन्कार कर दिया। इसके बाद युवती घर के दरवाजे पर ही धरने पर बैठ गई। शनिवार शाम चार बजे से शुरू हुआ यह घटनाक्रम गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही।
मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र के परशुराम पचदही गांव का है। युवती का आरोप है कि वर्ष 2021 से उसका विकास नामक युवक के साथ प्रेम संबंध है। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। युवती का दावा है कि दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली थी। उसके पास शादी से संबंधित वीडियो भी मौजूद है। हालांकि, युवक के परिजनों की ओर से उसके दावे को स्वीकार नहीं किया जा रहा है।


बताया जाता है कि विकास की शादी 30 नवंबर को दूसरी जगह तय हुई है। इसकी जानकारी मिलने के बाद युवती उसके घर पहुंच गई और परिजनों से उसे बहू के रूप में स्वीकार करने की मांग की। परिजनों के इनकार के बाद उसने घर के बाहर धरना शुरू कर दिया।
युवती का आरोप है कि युवक के पिता और परिवार के अन्य सदस्य दहेज के लालच में उसकी अनदेखी कर दूसरी जगह शादी की तैयारी कर रहे हैं। उसका कहना है कि वह पिछले 25 दिनों से महिला थाना, बरियारपुर थाना और रामपुरमणि पंचायत के सरपंच को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन अब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
शनिवार को विकास के घर पहुंचने पर युवती को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे बरियारपुर थानाध्यक्ष शिवचंद्र यादव ने बताया कि युवती और युवक के परिजनों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक युवती घर के बाहर धरने पर बैठी हुई थी। पंचायत के सरपंच सरयुग पंडित उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे। वहीं, बताया जाता है कि युवक भी घर से फरार है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।