-अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच चलेगी नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन
-23 नवंबर को होगा शुभारंभ
-17 कोचों से लैस होगी ट्रेन -रक्सौल-सीतामढ़ी-मधुबनी होकर गुजरेगी
-उत्तर बिहार के श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
मुजफ्फरपुर। श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच रेल संपर्क मजबूत होने जा रहा है। रेलवे ने अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के शुरू होने से बिहार के यात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। ट्रेन रक्सौल, सीतामढ़ी और मधुबनी होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी।
उत्तर रेलवे की ओर से ट्रेन संख्या 15595/15596 अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट साप्ताहिक एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इसमें सात स्लीपर, तीन एसी थ्री टियर, तीन एसी थ्री टियर इकोनॉमी, दो एसी टू टियर, एक पावर कार और एक लगेज कोच शामिल होंगे। ट्रेन नरकटियागंज में इंजन का पावर बदलने के कारण करीब 30 मिनट रुकेगी।

ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर 23 नवंबर को उद्घाटन स्पेशल का परिचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 04295 अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04296 24 नवंबर को जनकपुर धाम से दोपहर एक बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
यह ट्रेन अयोध्या धाम से चलकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और मधुबनी होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी। इससे उत्तर बिहार के यात्रियों को अयोध्या और जनकपुर के बीच आवागमन में काफी सुविधा होगी। खासकर सीतामढ़ी, रक्सौल और मधुबनी के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, मुजफ्फरपुर में ट्रेन के ठहराव को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। नियमित परिचालन की विस्तृत समय-सारणी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव की अधिसूचना रेलवे की ओर से अलग से जारी की जाएगी। नई रेल सेवा से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन एवं यात्री आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।












