Advertisement

26 स्वर्ण पदकों के साथ मुज़फ्फरपुर बना ओवरऑल चैंपियन, राज्य वुशू चैंपियनशिप में लहराया परचम

-26 स्वर्ण पदकों के साथ मुज़फ्फरपुर बना ओवरऑल चैंपियन, राज्य वुशू चैंपियनशिप में लहराया परचम

मुजफ्फरपुर। भागलपुर के खेल भवन में 5 से 7 जून 2026 तक आयोजित 16वीं बिहार राज्य सब-जूनियर एवं जूनियर वुशू चैंपियनशिप 2026 में मुज़फ्फरपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जिले के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 26 स्वर्ण, 8 रजत एवं 11 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। साथ ही मुज़फ्फरपुर ने सांडा और ताओलू दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।

राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। मुज़फ्फरपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों और स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को चैंपियन बनाया।

स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में दीपु कुमार, सागर कश्यप, श्रेयांश चौधरी, संध्या कुमारी, सालू कुमारी, तनमय कुमार, आशीष कुमार, मो. शेहनवाज, मायरा कुमारी, प्रीति कुमारी, उज्जवल कुमार, प्रांशु राज, वरुण सिंह, विशेष मणि सिंह, प्रीत राज, दिव्यांश बसंत, आरनव, कृष्णा कुमारी एवं रिशिवा रिधी सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। वहीं रजत और कांस्य पदक विजेताओं ने भी जिले की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस उपलब्धि के पीछे प्रशिक्षक गेशु कुमारी और सौरभ कुमार की मेहनत और मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मुज़फ्फरपुर वुशू संघ में खुशी का माहौल है।

मुज़फ्फरपुर वुशू संघ की महासचिव ईशा मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप के लिए चयनित किए गए हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संघ ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है।