Advertisement

17 दिनों से ठप नल-जल योजना, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण; आंदोलन की चेतावनी

-17 दिनों से ठप नल-जल योजना, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण; आंदोलन की चेतावनी

रतनी फरीदपुर। प्रखंड क्षेत्र की मुरहारा पंचायत के वार्ड संख्या-10 स्थित ग्राम काली मठ (मुरहारा) में मुख्यमंत्री हर घर नल-जल योजना पिछले 17 दिनों से पूरी तरह ठप पड़ी है। पेयजल आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो गया है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों और कनीय अभियंता को कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार “आज-कल में ठीक हो जाएगा” कहकर आश्वासन दिया गया। इसके बावजूद अब तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।


स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में भू-जल स्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे वैकल्पिक व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही है, जिन्हें पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) से मांग की है कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए हर घर नल-जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति अविलंब बहाल कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।