Advertisement

सोमवारी को लेकर बेनीबाद बागमती घाट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, जलाभिषेक के लिए रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम

-सोमवारी को लेकर बेनीबाद बागमती घाट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, जलाभिषेक के लिए रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम

गायघाट (मुजफ्फरपुर)दीपक। सावन की सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जलाभिषेक को देखते हुए प्रशासन ने बेनीबाद स्थित बागमती नदी घाट पर सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अंचलाधिकारी (सीओ) पुष्प राज ने बेनीबाद पुराने थाना के समीप स्थित महादेव मंदिर घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी में जलस्तर की स्थिति का आकलन किया। संभावित खतरनाक स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लाल कपड़ा और बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जा सके।


प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाट पर स्थानीय गोताखोरों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। साथ ही बचाव एवं राहत व्यवस्था को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के आदेश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की जाएगी। घाट और मंदिर परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तथा दंडाधिकारियों की तैनाती रहेगी, ताकि भीड़ नियंत्रण के साथ शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से जलाभिषेक संपन्न कराया जा सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सोमवारी के अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।