-स्पॉट: छठ घाट पर गंगा नहीं, आस्था की लहरें मार रही हिलोरें; खरना पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
-स्नान और खरना का महाप्रसाद बनाने के लिए गंगाजल लेने पहुंचे व्रती -लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए छठ घाटों पर सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक के पुख्ता इंतजाम
पटना/ललितेश्वर प्रसाद सिंह।
गंगा की लहरों पर शनिवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। खरना के दिन गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे माहौल को छठमय बना दिया। कहीं व्रती महिलाएं गंगा में स्नान कर रही थीं तो कहीं परिवार के सदस्य खरना का महाप्रसाद तैयार करने के लिए गगरी, गैलन और अन्य बर्तनों में पवित्र गंगाजल भरते नजर आए। गंगा की लहरें भले ही शांत थीं, लेकिन घाटों पर आस्था की लहरें पूरे वेग से हिलोरें मार रही थीं।
रविवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला और सोमवार को उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान गंगा नदी किनारे बने छठ घाटों पर व्रतियों और उनके परिजनों सहित लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से तैयारियों को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है।
खरना के दिन घाटों पर व्रतियों के साथ पहुंचे बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी गंगा में स्नान करते और उत्साह के साथ पर्व की तैयारियों में जुटे दिखाई दिए। कोई पवित्र जल लेकर घर लौटने की जल्दी में था तो कोई परिवार के साथ छठ की खुशियां साझा कर रहा था। बाढ़ के दिनों में उफान मारने वाली गंगा शनिवार को शांत और अपनी स्वाभाविक गति से बहती दिखी। इस बीच कई महिलाएं घाट के संपर्क पथ निर्माण के दौरान किनारे जमा की गई मिट्टी भी अपने साथ ले जाती नजर आईं। पूछने पर उन्होंने बताया कि इस पवित्र मिट्टी से घर में देवी-देवताओं की पीढ़ियां बनाकर पूजा-अर्चना करेंगी।

सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक चाक-चौबंद इंतजाम:
छठ घाटों पर सजावट के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। पेयजल और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। महिलाओं और पुरुषों के लिए घाट की बाउंड्री से बाहर अलग-अलग स्थानों पर शौचालय और यूरिनल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। रोशनी के पुख्ता इंतजाम के साथ कई जगह सूचना केंद्र भी बनाए गए हैं।
घाटों से लेकर संपर्क मार्गों तक जगह-जगह वॉच टावर तैयार किए गए हैं। कंट्रोल रूम ने भी काम करना शुरू कर दिया है। घाटों पर बने यात्री विश्राम स्थलों में श्रद्धालु आराम करते दिखाई दिए। गंगा नदी में एनडीआरएफ की टीमें मोटरबोट के साथ लगातार गश्त लगा रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर नावें तैनात की गई हैं, जिन पर लाल झंडे लगाए गए हैं।
खतरनाक स्थलों पर रंगीन पताकाओं से संकेत:
गंगा में खतरनाक स्थलों की पहचान के लिए बांस-बल्लियां गाड़कर उन पर हरे, पीले, लाल और बैंगनी रंग की पताकाएं लगाई गई हैं। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और खतरनाक स्थानों की पहचान करने में मदद मिलेगी। नदी किनारे स्टीमर भी तैनात किया गया है।
कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों पर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है। वॉच टावरों के साथ घाट तक पहुंचने की दिशा बताने वाले संकेतक पोस्टर भी लगाए गए हैं। वहीं, श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बड़े-बड़े पोस्टर भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
कुल मिलाकर गंगा घाटों पर तैयारियों का नजारा श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा रहा है। अब इंतजार है उस पावन घड़ी का, जब लाखों हाथ एक साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और गंगा किनारे आस्था का महासागर उमड़ पड़ेगा।












