-सोनपुर में पहली बार रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने किया उद्घाटन
-14 से 20 अक्टूबर तक रेलवे सांस्कृतिक भवन में होंगे रामलीला के मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम
सोनपुर, 15 अक्टूबर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को सोनपुर स्टेशन के समीप स्थित रेलवे सांस्कृतिक भवन में पहली बार आयोजित रामलीला महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। मंडल कला संगम, सोनपुर एवं कार्मिक विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उद्घाटन समारोह में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर से अपर महाप्रबंधक, महाप्रबंधक के सचिव सहित विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती समेत मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

दीप प्रज्वलन के साथ रामलीला महोत्सव का आगाज हुआ। रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा से जुड़ी प्रेरणादायी गाथाओं को प्रस्तुत किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
मंडल कला संगम, सोनपुर एवं कार्मिक विभाग की ओर से आयोजित यह रामलीला महोत्सव 14 से 20 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
रेलवे सांस्कृतिक भवन, सोनपुर में आयोजित यह महोत्सव रेलकर्मियों और उनके परिवारों को भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।












