Advertisement

अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर रजवाड़ा में गोष्ठी, 150 महिलाओं ने उठाए अधिकार और रोजगार के मुद्दे

-अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर रजवाड़ा में गोष्ठी, 150 महिलाओं ने उठाए अधिकार और रोजगार के मुद्दे

-महिलाओं के स्वास्थ्य, खेती-बाड़ी, समान वेतन और सुरक्षित कार्यस्थल पर हुई चर्चा

मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी प्रखण्ड में अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस के अवसर पर गुरुवार को एक्शन एड के तत्वावधान में रजवाड़ा पंचायत भवन परिसर में गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुखिया जयंती देवी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत के विभिन्न गांवों की लगभग 150 ग्रामीण महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। गोष्ठी में महिलाओं के स्वास्थ्य, रोजगार, आर्थिक स्थिति और कार्यस्थल पर सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने खेती-बाड़ी में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका, बेला फैक्ट्रियों में काम करने वाली महिलाओं की स्थिति, मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी, कुपोषण, निर्माण मजदूर के रूप में महिलाओं की चुनौतियों और लेबर कार्ड से जुड़ी समस्याओं पर विचार रखे। वक्ताओं ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

एक्शन एड के जिला समन्वयक अरविन्द कुमार ने विषय प्रवेश कराते हुए समाज में महिलाओं को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। उन्होंने समान काम के लिए समान वेतन और महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित पॉश अधिनियम के प्रावधानों की ओर प्रतिभागियों का ध्यान आकृष्ट किया।

गोष्ठी में वार्ड सदस्य रौशनी देवी, रेखा देवी और जयकल देवी के अलावा मनरेगा मेट लीला देवी, सुमित्रा देवी और गीता देवी सहित अन्य महिलाओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन एक्शन एड के कम्युनिटी मोबिलाइजर राजगीर कुमार ने किया, जबकि मानवाधिकार रक्षक रामसुंदर राम ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के अधिकारों, सामाजिक सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।