-मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मुजफ्फरपुर में 24 घंटे का नो-ड्रोन फ्लाई जोन घोषित
-महवल औद्योगिक क्षेत्र के 5 किलोमीटर के दायरे में प्रतिबंध लागू
-ड्रोन से लेकर पैराग्लाइडर तक के उड़ान पर रोक
मुजफ्फरपुर, 14 अक्टूबर। मुख्यमंत्री के 15 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर स्थित महवल औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित आगमन और उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास पांच किलोमीटर की परिधि को अस्थायी रेड जोन और नो-ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, यह प्रतिबंध 14 अक्टूबर को शाम चार बजे से 15 अक्टूबर को शाम चार बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान निर्धारित क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी। इसके अलावा हॉट एयर बैलून, पैरा मोटर, पैराग्लाइडर, पावर्ड हैंड ग्लाइडर और अन्य गैर-पारंपरिक उड़ने वाली वस्तुओं के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, पश्चिमी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी-1 को प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
प्रशासनिक अधिकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में निगरानी रखने और आदेश का उल्लंघन रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है।












