Advertisement

गायघाट में 3741.33 लीटर विदेशी शराब जब्त, डीसीएम ट्रक के साथ एक गिरफ्तार

-गायघाट में 3741.33 लीटर विदेशी शराब जब्त, डीसीएम ट्रक के साथ एक गिरफ्तार

-मैठी टोल प्लाजा के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गलत नंबर प्लेट लगाकर की जा रही थी शराब की तस्करी

दीपक कुमार/गायघाट। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मैठी टोल प्लाजा के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने 3741.33 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। इस दौरान शराब लदे एक डीसीएम ट्रक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। ट्रक पर BR19GK 2151 नंबर की नंबर प्लेट लगी हुई थी, जिसे पुलिस ने गलत बताया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गायघाट थानाध्यक्ष जेपी गुप्ता को शराब की बड़ी खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मैठी टोल प्लाजा के पास कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध डीसीएम ट्रक की जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब और ट्रक को जब्त करते हुए मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही, तस्करी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

गलत नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर शराब की तस्करी किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। इस कार्रवाई से शराब तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।