-सिर से जुड़ी जुड़वां बहनों शबा और फरहा से मिले सिविल सर्जन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम करेगी जांच
पटना। सिर से जुड़ी जुड़वां बहनों शबा और फरहा के स्वास्थ्य को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर पहल की है। सिविल सर्जन डॉ. योगेन्द्र प्रसाद मंडल ने बच्चियों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने बच्चियों की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया, आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं तथा परिजनों से उपचार और नियमित देखभाल के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सिविल सर्जन ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चियों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से कराई जाएगी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर उपचार की आगे की रणनीति तय की जाएगी, ताकि उन्हें बेहतर और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जिला स्वास्थ्य विभाग इस मामले की लगातार निगरानी करेगा और आवश्यकता के अनुसार हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगा।
मुलाकात के दौरान परिजनों को बच्चियों के पोषण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की सलाह भी दी गई। ऐसे विशेष मामलों में समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा जल्द ही बच्चियों का विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की उपचार प्रक्रिया होगी।











