-साहेबगंज में रिंग बांध और मुख्य बांध का डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने साहेबगंज प्रखंड अंतर्गत माधोपुर हजारी रिंग बांध, वार्ड नंबर-01 तथा माधोपुर हजारी मुख्य बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बाढ़ एवं जलजमाव की स्थिति का जायजा लेते हुए बांध की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने रिंग बांध की वर्तमान स्थिति, संवेदनशील स्थलों और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से जलस्तर, बांध की स्थिति तथा सुरक्षा को लेकर किए जा रहे उपायों की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रिंग बांध की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में बालू भरे बोरे, मिट्टी एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू किया जा सके।
उन्होंने स्थानीय स्तर पर जलस्तर और बांध की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।












