-दहेज के बकाया रुपये नहीं मिलने पर बारात लौटाने की कोशिश, दूल्हा और बहनोई को बनाया बंधक; पुलिस ने कराई शादी
मुजफ्फरपुर। जिले के सकरा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के मंडप से बारात लौटने का मामला सामने आया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज के बकाया रुपये तत्काल देने में असमर्थता जताने पर लड़के के पिता नाराज हो गए और बिना शादी किए ही बारात वापस ले जाने लगे। इसके बाद लड़की पक्ष के परिजनों और ग्रामीणों ने दूल्हे तथा उसके बहनोई को रोक लिया। दोनों को बंधक बनाए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। कई घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सहमति बनवाई, जिसके बाद शादी संपन्न हुई।
घटना सकरा थाना क्षेत्र की रामपुर कृष्णा पंचायत के हरपुर कृष्णा गांव की है। गांव निवासी विनोद पासवान की बेटी रूपा कुमारी की शादी रविवार को होनी थी। घर में शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पीयर थाना क्षेत्र के रामपुर दयाल गांव से बारात भी पहुंच गई। दरवाजे पर बारातियों का स्वागत किया गया और शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं।

इसी दौरान लड़के के पिता ने दहेज के बकाया रुपये की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने आर्थिक परेशानी का हवाला देते हुए तत्काल रुपये देने में असमर्थता जताई। इससे नाराज होकर लड़के पक्ष के लोग शादी किए बिना ही बारात लेकर लौटने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया।
बारात को वापस जाता देख लड़की पक्ष के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दूल्हे एवं उसके बहनोई को रोक लिया। दोनों को बंधक बना लिया गया। इसके बाद सकरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की।
पुलिस ने कई घंटे तक दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। लंबी बातचीत और आपसी सहमति के बाद आखिरकार दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हो गए। इसके बाद रूपा कुमारी की शादी संपन्न कराई गई।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज प्रथा की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। बेटी की शादी की तैयारियों के बीच दहेज की बकाया रकम को लेकर रिश्ता टूटने की नौबत आ गई। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।












