-अभियान बसेरा-2 और ग्रामीण हाट के लिए जमीन की उपलब्धता पर जोर, डीडीसी ने अंचलाधिकारियों को दिए निर्देश
-भूमि का एनओसी, सीमांकन और लंबित मामलों का समय-सीमा में निष्पादन करने का आदेश
-ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की भी हुई समीक्षा
मुजफ्फरपुर। जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अंचलाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अभियान बसेरा-2, वीबी-रामजी के तहत ग्रामीण हाट निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), भूमि सीमांकन और भूमि से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि चिह्नित कर उसकी उपलब्धता जल्द सुनिश्चित करें। उन्होंने भूमि का एनओसी जारी करने और सीमांकन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
इस दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा हुई। डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप ठोस एवं तरल कचरे का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने भूमि से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और विकासात्मक योजनाओं की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिले के सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।













