-पल्स पोलियो अभियान को लेकर गायघाट सीएचसी का औचक निरीक्षण, 88 टीमें कर रहीं बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का काम
-जीरो से पांच वर्ष तक के करीब 37 हजार बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य -28 सुपरवाइजरों की निगरानी में चल रहा अभियान
मुजफ्फरपुर/गायघाट(दीपक)। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने और इसकी जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एसके पाण्डेय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गायघाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियान की तैयारियों और कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सभी सब-डिपो में पोलियो की दवा भेजे जाने की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत गायघाट में कुल 88 टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में आंगनबाड़ी सेविका और आशा कार्यकर्ता शामिल हैं। अभियान की निगरानी के लिए 28 सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी टीमों को निर्देश दिया गया है कि जीरो से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहे।

गायघाट में इस अभियान के तहत करीब 37 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए गहन पर्यवेक्षण और नियमित जांच की जा रही है। स्वास्थ्य कर्मियों को घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने तथा छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें खुराक देने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान पल्स पोलियो मॉनिटर जितेंद्र कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने अभियान में लगे कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।












