Advertisement

सावन में निकली बाबा गरीबनाथ व बाबा हरिहरनाथ की भव्य पालकी शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत

-सावन में निकली बाबा गरीबनाथ व बाबा हरिहरनाथ की भव्य पालकी शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत

मुजफ्फरपुर, 31 जुलाई।मयंक राज। सावन माह के पावन अवसर पर युवा बोलबम सेवा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को बाबा गरीबनाथ जी एवं बाबा हरिहरनाथ जी की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा सिकंदरपुर सीढ़ी घाट से प्रारंभ होकर रानी सती मंदिर, सरैयागंज टावर, जवाहरलाल रोड, कल्याणी, हरिसभा चौक, पानी टंकी और बनारस बैंक चौक होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर पालकी का स्वागत किया और “बोल बम” व “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
युवा बोलबम सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि बाबा गरीबनाथ जी की पालकी में मिट्टी से निर्मित भगवान शिव की प्रतिमा तथा बाबा हरिहरनाथ जी की पालकी में भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित की गई थी। शोभायात्रा में महाकाल की आकर्षक झांकी के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां भी शामिल रहीं, जिसने श्रद्धालुओं का विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं।


उन्होंने बताया कि सावन माह में बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए समिति की ओर से निशुल्क कांवरिया सेवा शिविर भी लगाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार रजक, सचिव सुजीत कुमार, महासचिव विक्की शर्मा, उपाध्यक्ष अविनाश रजक, शिवा कुमार, विशाल कुमार, कार्यकारिणी अध्यक्ष शिवम महतो, सह सचिव मुकेश चौधरी, राकेश रजक, मीडिया प्रभारी अनिकेत कुमार, सुमित महाकाल, प्रिंस कुमार, नमन कुमार, गोवर्धन कुमार सहित समिति के कई सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।