Advertisement

सहरसा से सियालदह के लिए सुपरफास्ट ट्रेन

सहरसा से सियालदह के लिए सुपरफास्ट ट्रेन

-बिहार को एक और वंदे भारत का तोहफा

संवाददाता। सहरसा।

बिहार को वैसे तो कई वंदे भारत ट्रेन मिली हैं। हाल में छठ के लिए दिल्ली से पटना के लिए वंदे भारत स्पेशल का भी तोहफा मिला है। बहुत जल्द बिहार को एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। ये ट्रेन सहरसा से सियालदह जाने वाले यात्रियों के लिए होगी। सहरसा-सियालदह अप एंड डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द चलेगी। इस ट्रेन का परिचालन मानसी, खगड़िया, झाझा के रास्ते होगा। नई ट्रेन को चलाने की तैयारी पूर्व मध्य रेलवे की ओर से की जा रही है।
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से समस्तीपुर और दानापुर मंडल के सीनियर डीओएम को पत्र जारी कर ट्रेन मैनेजर को रूट प्लानिंग समझाने और तकनीकी प्रशिक्षण देने को कहा गया है। इसके अलावा लोको पायलट और असिस्टेंट लोको पायलट को नए रूट पर चलने के लिए प्रशिक्षण देने की बात कही गई है। मिली जानकारी के मुताबिक ट्रेन का परिचालन होने पर समस्तीपुर मंडल के ट्रेन प्रबंधक झाझा तक जाएंगे।

उसके बाद झाझा से दानापुर मंडल के ट्रेन प्रबंधक वंदे भारत को आगे लेकर जाएंगे। सहरसा-सियालदह वंदे भारत एक्सप्रेस सहरसा से चलने वाली पहली वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन होगी। हालांकि, एक और ट्रेन चलती है, जो सहरसा से सियालदह तक जाती है। उसे हाटे बाजारे एक्सप्रेस के नाम से जानते हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट हाटे बाजारे एक्सप्रेस से पूरी तरह अलग होगा। इस ट्रेन के परिचालन से सहरसा और सुपौल के अलावा मधेपुरा के लोगों को सियालदह जाने के लिए नई ट्रेन और नया रूट मिल जाएगा।
अब सहरसा से सियालदह जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वे सुपरफास्ट ट्रेन से सफर करेंगे। 110 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से ये ट्रेन सहरसा मानसी रूट पर चलेगी। इससे पूर्व बिहार को चार वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल चुकी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें हरी झंडी दिखाई थी। इन ट्रेनों में टाटानगर-पटना, भागलपुर- हावड़ा और गया हावड़ा वंदे भारत ट्रेन के अलावा देवघर-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन शामिल हैं।