-राजापाकर में ग्राम पंचायत विकास प्लान को लेकर प्रशिक्षण, योजनाओं में जनभागीदारी पर जोर
राजापाकर। संजय श्रीवास्तव। प्रखंड क्षेत्र में ग्राम पंचायत विकास प्लान (वीजीपीपी) तैयार करने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर राजापाकर प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जावेद कमाल ने की, जबकि संचालन लेखा सहायक अरविंद कुमार ने किया।
प्रशिक्षण में पंचायत समिति सदस्य तापसी प्रसाद सिंह, मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल और गणेश पासवान सहित अन्य संबंधित कर्मी शामिल हुए। हालांकि, कई अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जावेद कमाल ने बताया कि सभी जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को पत्र के माध्यम से ऑनलाइन कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी।

प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करने, ग्रामीणों की जरूरतों को चिन्हित करने और उन्हें ग्राम पंचायत विकास प्लान में शामिल करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास के लिए स्थानीय संसाधनों और ग्रामीणों की आवश्यकताओं का आकलन कर योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाना जरूरी है।
कार्यक्रम में वार्ड स्तर से प्राप्त सुझावों और समस्याओं को पंचायत योजना में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया। जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका, अत्यधिक मौसम एवं आपदा प्रबंधन से जुड़ी जरूरतों को भी योजना में शामिल करने की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने योजनाओं के चयन, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और विभिन्न सरकारी योजनाओं के समन्वय की प्रक्रिया समझाई। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जरूरत आधारित और सहभागी पंचायत विकास प्लान तैयार होने से विकास कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।












