-समाज संगठित होगा तभी उन्नति संभव: मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता
जनकपुरधाम (नेपाल)। संवाददाता।
समाज के संगठित होने पर ही सभी क्षेत्रों में उन्नति संभव है। इसके लिए एकता अत्यंत आवश्यक है। उक्त बातें बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने शनिवार को जनकपुरधाम स्थित निरंकारी भवन में कानू समाज धनुषा द्वारा आयोजित नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथग्रहण एवं सम्मान समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।
मंत्री गुप्ता ने कहा कि भारत और नेपाल दोनों देशों में कानू, हलवाई एवं मोदक समाज की जनसंख्या पर्याप्त है, फिर भी शैक्षणिक, राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से यह समाज काफी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने अपील की कि समाज को चाहिए कि वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करे और अनावश्यक खर्चों की बजाय शिक्षा पर निवेश करे।

राजनीति में समाज की कम भागीदारी पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी मुख्य वजह समाज का विखराव है। “कानू और हलवाई समाज के बीच एकता होते हुए भी हम बिखरे हुए हैं, इसलिए संगठन की आवश्यकता है,” उन्होंने जोर देते हुए कहा। साथ ही दहेज प्रथा को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए इसके खिलाफ जनचेतना अभियान चलाने की जरूरत पर बल दिया और युवाओं से इसमें आगे आने का आह्वान किया।
मंत्री गुप्ता ने समारोह में नव निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उदय चंद्र साह ने की। मौके पर रमेश कुमार साह, मुक्ति नाथ साह, वार्ड अध्यक्ष राघवेन्द्र साह, वेचन साह, तेली कल्याण समाज नेपाल धनुषा के अध्यक्ष ललित साह, मारवाड़ी सेवा समिति जनकपुरधाम के अध्यक्ष निर्मल कुमार चौधरी सहित विभिन्न जिलों से आए कानू समाज के अध्यक्षों ने भी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा वयोवृद्ध नागरिकों को भी सम्मानित किया गया।
जनकपुरधाम आगमन के दौरान मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने लादो वेला स्थित बाबा गणी गोविंद नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे आयोजन अत्यंत सफल रहा।















