Advertisement

राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के जिला अधिवेशन को लेकर विवाद, धनुषा में दो खेमों में बंटी पार्टी

-राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के जिला अधिवेशन को लेकर विवाद, धनुषा में दो खेमों में बंटी पार्टी

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) के जनकपुरधाम में शनिवार को आयोजित धनुषा जिला अधिवेशन को लेकर पार्टी के अंदर विवाद सामने आया है। अधिवेशन में रामचंद्र यादव को जिला अध्यक्ष चुने जाने के बाद दूसरे पक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। इसके साथ ही पार्टी की धनुषा जिला इकाई दो खेमों में बंटी नजर आई।

असंतुष्ट पक्ष के नेताओं का आरोप है कि जिला अधिवेशन को लेकर उन्हें किसी प्रकार की औपचारिक सूचना नहीं दी गई थी। राप्रपा के केंद्रीय सदस्य श्रवण कुमार झा, धीरेन्द्र झा मैथिल, जिला उपाध्यक्ष सहित कई नेता और कार्यकर्ता अधिवेशन का विरोध करते हुए कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए।

केंद्रीय सदस्य श्रवण कुमार झा ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी की वार्ड समिति, क्षेत्रीय समिति समेत आधारभूत समितियों के अधिवेशन अभी तक संपन्न नहीं हुए हैं। ऐसी स्थिति में जिला अधिवेशन आयोजित करना पार्टी के विधान के विपरीत है। उन्होंने अधिवेशन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे स्वीकार नहीं करने की बात कही।

अधिवेशन के बहिष्कार के बाद असंतुष्ट गुट के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राप्रपा के मधेश प्रदेश अध्यक्ष भरत के विरोध में नारेबाजी की और कार्यक्रम स्थल से बाहर निकल गए। पार्टी के अंदर सामने आए इस विवाद के बाद धनुषा जिला इकाई में संगठनात्मक मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।