Advertisement

भोज की पत्तल पर उकेरे BRICS नेताओं के चित्र, मोतिहारी के सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र की अनोखी कला

-भोज की पत्तल पर उकेरे BRICS नेताओं के चित्र, मोतिहारी के सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र की अनोखी कला

मोतिहारी/राजन द्विवेदी। भोज की पत्तल पर अब सिर्फ भोजन ही नहीं, कला भी परोसी जा सकती है। मोतिहारी के विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने पत्तल को कैनवास बनाकर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में पहुंचे वैश्विक नेताओं के चित्र उकेरकर अपनी अनोखी कला का प्रदर्शन किया है।

मधुरेंद्र कुमार ने पत्तल की खुरदरी सतह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामाफोसा समेत नौ देशों के नेताओं के चेहरे बनाए हैं। सभी चित्रों को त्रिकोणीय आकार में उकेरा गया है। कलाकृति के साथ “WELCOME TO INDIA – BRICS 2026” का संदेश भी लिखा गया है।

मधुरेंद्र के अनुसार, पत्तल की खुरदरी सतह पर बारीक और स्पष्ट चित्र उकेरना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। इस अनोखी कलाकृति को तैयार करने में करीब 15 दिन का समय लगा।

मधुरेंद्र कुमार रेत, राख, पीपल के पत्ते और विभिन्न सब्जियों सहित अलग-अलग माध्यमों पर अपनी अनूठी कलाकृतियां बनाने के लिए देश-विदेश में पहचान बना चुके हैं। इस बार उन्होंने पारंपरिक पत्तल को माध्यम बनाकर वैश्विक मंच पर भारत की कला और संस्कृति का संदेश देने का प्रयास किया है।

सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र का कहना है कि उनकी इस कलाकृति का उद्देश्य दुनिया के देशों को आपसी मतभेद भुलाकर शांति, भाईचारे और सहयोग के लिए एकजुट होने का संदेश देना है। पत्तल पर बनाई गई यह अनोखी कलाकृति सोशल मीडिया पर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।