-सात महीने बाद भी आयान हत्याकांड में गिरफ्तारी नहीं, बेटे के कातिल की तलाश में थाने के चक्कर लगा रहे माता-पिता
दीपक कुमार/गायघाट/मुजफ्फरपुर।
बेनीबाद थाना क्षेत्र में चर्चित आयान हत्याकांड को करीब सात महीने बीत चुके हैं, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक आरोपी की गिरफ्तारी और न्याय का इंतजार है। बेटे की हत्या के बाद से आयान के माता-पिता लगातार बेनीबाद थाने का चक्कर लगा रहे हैं और पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की त्वरित जांच की उम्मीद की थी। लेकिन सात महीने बीतने के बावजूद उन्हें पुलिस कार्रवाई को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार का आरोप है कि मामले के अनुसंधान में काफी समय लग गया।

परिजनों के मुताबिक, मामले के तत्कालीन अनुसंधानकर्ता मौर्यन दीपांकरण पर शराब तस्करों को कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ने के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। आईओ के निलंबन के बाद आयान हत्याकांड के अनुसंधान और आगे की कार्रवाई को लेकर भी परिवार की चिंता बढ़ गई।
आयान के माता-पिता का कहना है कि बेटे की मौत के बाद से उनका परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है। परिजनों का आरोप है कि हत्याकांड का आरोपी अब भी गिरफ्तारी से बाहर है, जबकि वे कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार पुलिस अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं।
परिजनों ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सात महीने का लंबा समय बीत जाने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। अब परिवार की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।












