-समस्तीपुर के 17 वर्षीय राम जी राज ने NASA की खामियां खोजकर किया देश का नाम रौशन
नवीन कुमार वर्मा । समस्तीपुर(बिहार)।
बिहार के समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के बाजैपुर गांव के निवासी महज 17 वर्षीय राम जी राज ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिससे न केवल समस्तीपुर बल्कि पूरे भारत का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। राम जी ने अमेरिका की प्रतिष्ठित अंतरिक्ष एजेंसी NASA (नासा) की कई तकनीकी खामियों को खोज निकाला और एजेंसी को इसकी जानकारी दी। नासा ने तत्परता दिखाते हुए इन खामियों को दूर किया और इस युवा प्रतिभा को आधिकारिक रूप से धन्यवाद देते हुए सम्मानित भी किया।
राम जी राज ने वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इतनी कम उम्र में विश्व की सबसे बड़ी अंतरिक्ष संस्था में तकनीकी त्रुटियां निकालना अपने-आप में एक असाधारण उपलब्धि है। इस अद्भुत सफलता के बाद राम जी को NASA के हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया है।

उनकी इस सफलता पर समस्तीपुर के जिला अधिकारी रोशन कुमार कुशवाहा ने उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। राम जी का सपना है कि वे कंप्यूटर साइंस में बीटेक करें और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भारत को मजबूती प्रदान करें।
राम जी ने कहा, “अगर सरकार साथ दे, तो हम देश में हो रहे साइबर फ्रॉड पर लगाम लगाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।”
उनका आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और राष्ट्रभक्ति भाव उन्हें आने वाले समय का साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ बना सकते हैं।











